Thursday, January 24, 2013

गडकरी का अलग रंग


भाजपा अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद नितिन गडकरी अब अलग ही रंग में हैं। उन्होंने उनके खिलाफ जांच कर रहे आयकर अधिकारियों को खुली धमकी दी है। साथ ही उन्होंने मीडियाकर्मियों व कांग्रेसी नेताओं को भी धमकाया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि सबका रेकॉर्ड उनके पास है। उन्होंने कहा कि उनके पास अधिकारियों के नाम हैं और भाजपा सरकार आने पर वह उन्हें देख लेंगे। गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष पद के चुनाव से ठीक पहले आयकर ने उनकी कंपनी पूर्ति ग्रुप के खिलाफ जांच शुरू कर दी थी। गडकरी का यह अलग ही रूप पुणे में देखने को मिला। एक रैली में अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने कांग्रेस के इशारे पर उनके खिलाफ साजिश रची। अभी भी कोशिश कर रहे हैं। कभी नागपुर, कभी पुणे तो कभी दिल्ली में बैठकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। मेरे पास अधिकारियों के नाम हैं। आधे अधिकारी उनके भी साथ हैं, जो उन्हें बताते रहे हैं। उन्हें याद रखना चाहिए कि कांग्रेस डूबती नैया है। उसकी सरकार तो जानी ही जानी है। कल हमारी सरकार आएगी, तो तुम्हें बचाने के लिए कोई सोनिया और कोई चिदंबरम नहीं आएंगे। गडकरी यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि वह मर्द आदमी हैं। वह अब दिल्ली के तमाम कांग्रेस नेताओं के करप्शन को उजागर करेंगे। गडकरी ने कहा कि अब तक वह भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष थे। वह मर्यादा का पालन करते थे। लेकिन अब वह खुदा हो गए हैं। अब कांग्रेस वाले जो कुछ करना चाहते हैं, करके दिखाएं। यही नहीं गडकरी ने मीडिया को भी धमकी दी। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ कुछ ने झूठी खबरें चलाईं। ईमानदर नेताओं का जीवन बर्बाद करने का अधिकार किसी को नहीं है। गडकरी ने कहा कि उन्होंने सबका रेकॉर्ड तैयार कर रखा है। राजनीति के जरिए सत्ता व सत्ता में आने के बाद अहंकार की बात तो समझ में आती है मगर सत्ता में आने के पहले इस तरह की बातें कहीं न कहीं मानसिक दिवालियापन को उजागर करती हैं। अगर यह कहा जाए कि भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष अपना संतुलन खो बैठे हैं तो गलत नहीं होगा।

No comments:

Post a Comment