Wednesday, September 21, 2011

आडवाणी की यात्रा में शामिल होंगे शरद !


   जनता दल(यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी की यात्रा में शामिल होंगे। शरद यादव ने कहा कि आडवाणी ने उन्हें आधिकारिक रूप से कोई निमंत्रण नहीं दिया है, परन्तु अगर वह अनुरोध करेंगे तो तो मैं उनकी यात्रा में जरूर शामिल हूंगा। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर उन्होंने कोई टिप्पणी करने से परहेज करते हुए कहा कि भाजपा पहले प्रधानमंत्री पद का अपना उम्मीदवार घोषित करे।
प्रदेश के छह दिवसीय दौरे पर आए शरद यादव ने कहा कि आडवाणी भ्रष्टाचार के खिलाफ यात्रा शुरू करेंगे। जदयू भ्रष्टाचार के खिलाफ किसी आंदोलन की विरोधी नहीं है। भाजपा हमारी सहयोगी पार्टी है। हम उनका विरोध क्यों करेंगे? आडवाणी यात्रा में शामिल होने के लिए बुलाएंगे, तो अवश्य जाएंगे। बिहार के सिताब दियारा से यात्रा शुरू होने की चर्चा पर उन्होंने कहा कि यह जेपी की जन्म भूमि है। भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन शुरू करने के लिए भाजपा नेता अगर इस स्थान का चयन करते हैं, तो इसमें कोई दिक्कत नहीं है। शरद यादव ने वैसे नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की चर्चा पर चुप्पी साधी। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले आधिकारिक रूप से अपने उम्मीदवार की घोषणा करे। गुजरात में हमारा भाजपा या नरेंद्र मोदी से कोई गठबंधन नहीं है। वहां हम अलग चुनाव लड़ते हैं। चुनाव में भाजपा के खिलाफ आक्रामक प्रचार करते रहे हैं।
शरद यादव ने बिहार को विशेष श्रेणी राज्य का दर्जा दिये जाने की मांग पर प्रधानमंत्री डा.मनमोहन सिंह द्वारा अंतर मंत्रालयी समूह गठित किये जाने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभाजन के बाद से हम लोग लगातार यह मांग उठाते रहे हैं। बंटवारे के बाद केन्द्र सरकार ने बिहार को उसका हक नहीं दिया। विशेष दर्जा की मांग संसद में कई बार मैंने उठायी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार इस मांग को लेकर केन्द्र सरकार पर दबाव बनाते रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि इस मांग को केन्द्र सरकार की स्वीकृति मिलेगी।
प्रदेश के दौरे पर आए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिले और उन्हें अपने एक माह के वेतन का एक लाख पांच हजार रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने यह चेक जदयू के हरित बिहार अभियान की सफलता के लिए सौंपा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हरित बिहार अभियान की सफलता की कामना करते हुए इस कार्यक्रम के लिए जदयू की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह अभियान पर्यावरण की रक्षा में अपनी कारगर भूमिका निभाएंगा, और बिहार में हरियाली आएगी। इस मौके पर सांसद आरसीपी सिंह एवं विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह भी उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment