Saturday, March 24, 2012

खजाना खाली है... फिर भी वादे करेंगे पूरे

सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव  कार्यकर्ताओं को नयी सरकार की मुश्किलों से रूबरू कराया। बताया कि खजाना खाली है। संसाधनों का अभाव है। फिर भी हम वादे पूरे करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था की जायेगी कि आप अपने मुख्यमंत्री से भी पूछ सकें कि यह काम कब होगा।दिल्ली से लौटे सपा मुखिया ने गुरुवार को काफी समय पार्टी मुख्यालय में बिताया। मुख्यमंत्री अखिलेश भी वहां पहुंचे। इस बीच राज्यसभा के लिए नवनिर्वाचित सपा सदस्यों ने कार्यालय पहुंच उनसे मुलाकात की। बाद में कार्यालय में मौजूद सैकड़ों कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि वह अब उनके बीच ही रहेंगे। मिल कर सरकार पर नियंत्रण रखेंगे इसीलिए हम मुख्यमंत्री भी नहीं बने। चुनाव घोषणा पत्र में जो वादे किये हैं वह पांच साल से पहले ही पूरा करायेंगे। यादव ने कहा कि पिछली बसपा सरकार ने सारा प्रशासन चौपट कर दिया। विकास का कोई काम नहीं किया। राजस्व तक नहीं बढ़ाया। 45 हजार करोड़ रुपये केवल पत्थरों में लगा दिये। इतना पैसा विकास कार्य में लगता तो प्रदेश की तरक्की होती। बसपा राज में कई जिले बढ़ा दिये गये। इससे अधिकारियों के कार्यालय, आवास, जेल आदि के मद में काफी बोझ पड़ेगा। हमें अपने स्तर पर संसाधन जुटाने और राजस्व बढ़ाने के प्रयास करने होंगे। जनता ने बड़ी उम्मीदों के साथ पूर्ण बहुमत दिया है, इसलिए अब हम कोई बहाना भी नहीं कर सकते हैं।
सपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि उन्हें अपने कामों के लिए बार बार लखनऊ दौड़ कर नहीं आना पड़ेगा। ऐसी व्यवस्था की जायेगी कि उनके आवेदन पत्रों पर जो भी निर्णय होना हो तुरंत हो जाए। मुख्यमंत्री से भी वह इस बाबत पूछ भी सकेंगे।
इसी के साथ यादव ने कार्यकर्ताओं को नया लक्ष्य भी सौंपा। उन्होंने कहा कि सरकार बनने से जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव की चुनौती सामने है। कार्यकर्ताओं को अब जनता के बीच रह कर पार्टी की नीतियों का प्रचार करना और जनहित के काम भी कराने हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी भत्ता, किसानों को पेंशन, कन्या विद्याधन योजनाएं शुरू कर हम अपने वादों पर अमल कर रहे हैं। पिछली सरकार ने सपा कार्यकर्ताओं पर जा फर्जी मुकदमे लगाये हैं उन पर भी विचार कर वापस लिया जायेगा।

No comments:

Post a Comment