Monday, November 26, 2012

खुद को साबित करें केजरीवाल



फिल्म कलाकार अनुपम  खेर ने कहा है कि सामाजिक कार्यकर्ता से नेता बने अरविंद केजरीवाल को दूसरों की आलोचना करने से पहले खुद को साबित करना चाहिए। वाकई दूसरों की आलोचना करने का समय अब समाप्त हो चुका है। गौरतलब है कि अनुपम खेर भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना हजारे के अभियानों में शामिल रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने हाल के दिनों में नेताओं और उद्योगपतियों के बारे में कई खुलासे किए। इनमें डीएलएफ और सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वाड्रा के बीच नेक्सस का खुलासा प्रमुख है। इसके अलावा केजरीवाल ने सलमान खुर्शीद और भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के बारे में भी खुलासे किए। इसी क्रम में केजरीवाल ने प्रसिद्ध उद्योगपति  मुकेश अंबानी पर भी केजी बेसिन में मनमानी कर करोड़ों के गबन करने का आरोप लगाया। आम आदमी पार्टी की घोषणा के साथ ही केजरीवाल ने कांग्रेस व भाजपा के खिलाफ देशव्यापी अभियान चलाने का एलान किया है। अरविंद केजरीवाल का मानना है कि ये दोनों पार्टियां देश को लूटने में समान भागीदार रही हैं और जनता को इन दोनों से दूर रहना चाहिए। इसके साथ ही अरविंद की कोशिश युवाओं को आंदोलित करने की है, जिनकी ताकत के बूते वे आने वाले वर्षों में होने वाले विधान सभाओं व लोकसभा के चुनाव में इन राष्टÑीय पार्टियों से दो-दो हाथ करेंगें। मगर क्या यह सब इतना आसान है। क्या अरविंद केजरीवाल और उनकी नवोदित राजनीतिक पार्टी व उसकी टीम की राहें इतनी आसान होगी। क्या अरविंद वाकई भ्रष्टाचार को आगामी लोकसभा चुनाव में मुद्दा बना पायेंगे। ये तमाम सवाल अभी भविष्य के गर्भ में हैं। समय-समय पर केजरीवाल को इन सबका जवाब भी देना होगा। इससे इत्तर उन्हें अनुपम खेर के शब्दों में अगर कहे तो वाकई उन्हें अपने का साबित करना होगा। जनता का  भरोसा भी हासिल करना होगा। वरना, राजनीतिक दलों के दलदल में अरविंद व उनकी पार्टी भी गुम हो जाए तो कोई आश्चर्य नहीं।

1 comment:

  1. खुद को साबित करने का ही तो मौका ढुंढ रहे हैं केजरीवाल । अब तक तो यही करते आ रहे थे । अब पार्टी के जरीये ..................

    ReplyDelete